मुख्य गेट पर रोके गए कार्यकर्ता, धरना-प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा; 7 दिन में जवाब नहीं मिला तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
रायपुर। छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने सोमवार को राजधानी स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस बल ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर रोक लिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
बाद में NSUI के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग रखी। प्रशासन की ओर से मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि प्रशासन ने उनकी मांगों को 24 घंटे के भीतर राज्यपाल और राज्य सरकार तक भेजने का भरोसा दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर कोई ठोस जवाब नहीं मिलता है, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रसंघ चुनाव की मांग नई नहीं है। पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान चुनाव कराने की घोषणा और नोटिफिकेशन जारी हुआ था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद इसे निरस्त कर दिया गया।
NSUI नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए जाते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बताया गया कि यह विरोध केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों—इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय—में भी समान रूप से प्रदर्शन कर छात्र हितों की आवाज उठाई गई।