पाटीदार के बल्ले से बरस रहे छक्के, कोहली फॉर्म में; दोनों टीमों का हेड-टु-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर
आईपीएल-2026 में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच अब तक बराबरी की
स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2026) के 34वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले होगा।
आरसीबी की कमान रजत पाटीदार संभाल रहे हैं, जो इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं। पाटीदार अब तक 22 छक्के जड़ चुके हैं और सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। वहीं शीर्ष स्थान पर हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 27 छक्कों के साथ काबिज हैं।
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो आरसीबी ने 6 मैचों में 4 जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया है। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने 6 में से 3 मुकाबले जीते हैं और 6 अंकों के साथ छठे पायदान पर है।
दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा कड़े रहे हैं। आईपीएल इतिहास में अब तक दोनों के बीच 6 मैच खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने 3-3 जीत दर्ज की है, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
आरसीबी के लिए विराट कोहली इस सीजन बेहतरीन लय में दिखे हैं। उन्होंने 6 मैचों में 247 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 157.32 रहा है, जो टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने टीम की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं और पावरप्ले के साथ डेथ ओवर्स में भी प्रभावी साबित हुए हैं। चिन्नास्वामी की बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर आज एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है, जहां दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।