रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लग्जरी गाड़ियां जब्त; वीआईपी रोड, बागबाहरा समेत कई जगह निवेश के सुराग मिले
राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की अवैध कमाई पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में उसके ठिकाने से करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, लग्जरी वाहन और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के घर छापा मारा। शुक्रवार को गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में दबिश देकर करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, 5 लग्जरी कारें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।
पुलिस टीम सर्च वारंट के साथ आरोपी के घर पहुंची, जहां मौके पर उसकी पत्नी, भाई करण की पत्नी और मां मौजूद थीं। जांच के दौरान यह संकेत मिले हैं कि आरोपी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है। बरामद वाहनों में बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित अन्य महंगी कारें शामिल हैं।
जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि बाबू खेमानी ने रायपुर सहित कई स्थानों पर निवेश किया है। आमानाका स्थित आलीशान मकान के अलावा रविभवन क्षेत्र में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम तथा महासमुंद जिले के बागबाहरा मेन रोड पर लगभग एक एकड़ जमीन उसके नाम पर होने की जानकारी सामने आई है। अब इन संपत्तियों के वैध स्रोतों की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के लिए 50 से अधिक आईडी का उपयोग करते थे। लेन-देन छिपाने के लिए कई म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल भी किया जाता था। पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार से जुड़े बैंक खातों के ट्रांजैक्शन की पड़ताल शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, बाबू पहले महादेव बुक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग सट्टा नेटवर्क तैयार कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने वाले वीडियो और रील्स भी पोस्ट करता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि राजधानी में सट्टेबाजी का नेटवर्क काफी व्यापक है, जिसमें क्लब, होटल और सराफा कारोबार से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस पूरे सिंडिकेट की परतें खोलने में जुटी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने बाबू खेमानी के साथ उसके पिता ब्रह्मानंद खेमानी और भाई करण खेमानी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ‘3 Stumps’ नामक एप के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा था। इस एप के माध्यम से करोड़ों रुपए के लेन-देन की आशंका जताई गई है। पुलिस ने वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच जारी है। रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।