घर में घुसी महिला ने किया हमला, दो बेटियां घायल; एक बच्ची बाथरूम में छिपकर बची, आरोपी हिरासत में
दुर्ग-भिलाई में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने आरक्षक के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
दुर्ग-भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो बेटियां हमले में घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे, तभी आरोपी महिला घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) एक दिन पहले भी घर पहुंची थी। उस समय आरक्षक ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। महिला मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।

हमले के दौरान आरोपी ने सो रहे 9 वर्षीय आदित्य यादव पर बेरहमी से चाकू से कई वार किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे पर करीब 14 वार किए गए। बीच-बचाव करने पहुंची रीना यादव भी हमले की शिकार हो गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के दौरान मां ने साहस दिखाते हुए आरोपी महिला का पैर पकड़ लिया और बेटियों को भागने के लिए कहा। बड़ी बेटी तानिया (11) किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई और अपनी जान बचा ली। दोनों बच्चियां घायल बताई जा रही हैं।

सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सौंप दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और अवैध संबंध के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं पर पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है।