दो दिनों में 135 वाहनों पर कार्रवाई, लाखों का जुर्माना लंबित; घर-घर पहुंच रही पुलिस टीम
राजधानी रायपुर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है। लंबित ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत गाड़ियों को जब्त करने तक की कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर। शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिन वाहनों पर ई-चालान लंबित हैं और निर्धारित समय में उनका भुगतान नहीं किया गया है, ऐसे मामलों में अब सीधे वाहन जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।

पिछले दो दिनों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 135 वाहनों पर कार्रवाई की है। इन वाहनों पर कुल मिलाकर डेढ़ लाख रुपए से अधिक का जुर्माना बकाया बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे और तेज किया जाएगा।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान की जा रही है। इसके बाद संबंधित वाहन मालिकों को ई-चालान जारी किया जाता है।
यातायात विभाग द्वारा जय स्तंभ चौक स्थित कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जा रही है, जहां से चालान प्रक्रिया संचालित होती है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) विकास कुमार के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में विशेष रूप से उन मामलों पर ध्यान दिया जा रहा है, जिनके चालान न्यायालय में लंबित हैं या जिनका भुगतान नहीं किया गया है।
पुलिस की टीमें अब वाहन मालिकों के घर पहुंचकर नोटिस भी दे रही हैं और उन्हें जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर संबंधित वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त गुरजीत सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहन का ई-चालान स्टेटस जांचते रहें और लंबित चालानों का निपटान जल्द करें, ताकि सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।