शराब पीकर ड्राइविंग, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड गाड़ियों पर सख्ती; प्रमुख चौक-चौराहों पर देर रात तक जांच
सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग-भिलाई यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। देर शाम से मध्यरात्रि तक चले इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
भिलाई नगर। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग-भिलाई यातायात पुलिस ने 23 अप्रैल की शाम से देर रात तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लग्जरी और SUV वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक चले इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। सिविक सेंटर, सूर्या मॉल चौक, जुनवानी चौक, रिसाली मार्केट और जेल तिराहा जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों की गहन जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 52 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान जारी किए गए। जांच में 16 वाहन चालक शराब के सेवन के बाद वाहन चलाते पाए गए, जिन पर धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 14 मामलों में तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग सामने आई।
इसके अलावा 6 वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म, 12 मॉडिफाइड वाहनों में नियमों का उल्लंघन और 4 वाहनों में प्रेशर हार्न के उपयोग पर भी कार्रवाई की गई। आवश्यकतानुसार कुछ वाहनों को जब्त कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।