प्रधानमंत्री मोदी ने रेडियो कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों का किया उल्लेख, मुख्यमंत्री साय बोले- राष्ट्रीय मंच पर लगातार बढ़ रही राज्य की पहचान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे पूरे प्रदेश के लिए सम्मान और गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच से छत्तीसगढ़ का बार-बार उल्लेख राज्य की प्रतिष्ठा और जनता के आत्मविश्वास को नई मजबूती दे रहा है।
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 133वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख कर प्रदेश को नई पहचान दिलाई। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आज देशभर के लोगों को जोड़ने वाला प्रभावी मंच बन चुका है, जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचार, जनसहभागिता और सकारात्मक प्रयासों को पहचान मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हुए देशवासियों से सीधे संवाद करते हैं और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से समाज को नई दिशा देते हैं। इससे आमजन में सहभागिता की भावना मजबूत होती है और राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक चेतना को बल मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता को सहेजने की दिशा में लगातार गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। काले हिरण संरक्षण कार्यों का राष्ट्रीय मंच से उल्लेख होना इस बात का प्रमाण है कि राज्य पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बांस को विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने के निर्णय का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिली है और महिलाओं के रोजगार व आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा पवन ऊर्जा पर दिए गए जोर का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ घर से लाए गए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद साझा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आत्मीयता और एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।