उर्स से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, चार गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में रविवार को तेज रफ्तार और चालक की झपकी ने बड़ा हादसा करा दिया। उर्स से लौट रहे परिवार की मालवाहन गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
राजनांदगांव। जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। खड़गांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-930 पर एक मालवाहन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर क्षेत्र का एक परिवार राजनांदगांव में आयोजित उर्स कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बीटेझर और पैंदुर गांव के बीच वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में घायल 11 लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि उर्स कार्यक्रम में शामिल होने के कारण चालक पूरी रात जागा हुआ था, जिससे थकान के चलते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
सूचना मिलते ही खड़गांव थाना प्रभारी संजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में हादसे को लेकर शोक का माहौल है।