बालोद के पुरूर थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से धधकी बस, कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बारात लेकर लौट रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान बस में सवार बारातियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बालोद। जिले में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बारातियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के समय बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 07 E 1171 कांकेर जिले के अरौद गांव से बालोद जिले के बड़गांव बारात लेकर गई थी। विवाह समारोह के बाद बस बारातियों को लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतरा मंदिर के पास बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई।
आग लगते ही चालक ने तत्काल बस रोक दी और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। चालक और बारातियों की सतर्कता से सभी लोग सुरक्षित नीचे उतर गए। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस घटना में किसी के घायल या हताहत नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली है। समय पर बस खाली नहीं कराई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।