पांच शहरों में पारा 42 डिग्री के पार, मध्य क्षेत्र में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने के संकेत
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। प्रदेश के पांच शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में अंधड़, तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और तपिश के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और पांच शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया गया, जहां रविवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम करवट ले सकता है। कुछ स्थानों पर तेज अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के ऊपर बने मौसम तंत्र का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है, जिसके चलते यह बदलाव संभव है। हालांकि गर्मी से फिलहाल राहत सीमित रहने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है और अगले तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।
मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक लू चलने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया।