24 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार, गल्ले से 5100 रुपए लेकर हुए थे फरार
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार से लूट और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने दुकान से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर विवाद किया और चाकू दिखाकर गल्ले से नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
दुर्ग-भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार के साथ लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले चार युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चाय-सिगरेट और अन्य सामान लेने के बाद पैसे देने से इनकार कर विवाद किया और धारदार हथियार दिखाकर दुकान से नकदी लूट ली थी।
पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी मेजर यादव (58) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उनकी किराना दुकान पर पहुंचे। युवकों ने दुकान से चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट खरीदी। सामान लेने के बाद जब दुकानदार ने भुगतान मांगा, तो आरोपी बहस करने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार निकालकर दुकानदार को धमकाया। उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने भी दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 5100 रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। जान बचाने के लिए दुकानदार किसी तरह वहां से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धनराज निर्मलकर (21), विराज (18), श्याम रेड्डी (25) और प्रहलाद बंजारे (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पूछताछ में चारों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।