छ्त्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के बासागुड़ा और आवापल्ली सड़क पर पुल के नीचे नक्सलियों ने 50 किलो की कमांड IED छिपाकर रखी थी। जिसे जवानों ने ढूंढ कर नष्ट कर दिया है। इस IED की ताकत इतनी थी कि बड़ी आसानी से एक बख्तरबंद गाड़ी को उड़ाया जा सकता था। हालांकि, नक्सलियों के मंसूबे को जवानों ने नाकाम कर दिया है।
दरअसल, बीजापुर में माओवादी फिर से कुटरू-अंबेली जैसी एक और IED ब्लास्ट की घटना करने के फिराक में थे। बासागुड़ा और आवापल्ली सड़क पर तिमापुर के पास दुर्गा मंदिर के नजदीक पुल के नीचे कंक्रीट तोड़कर वहां बम दबा दिया था। उसके ऊपर फिर से कंक्रीट कर दिया था।
वहीं सर्च ऑपरेशन पर निकले जवानों और BDS की टीम ने यहां IED डिटेक्ट की। हालांकि, IED की क्षमता ज्यादा थी, इसलिए IED को बाहर नहीं निकाला गया। उसी जगह पर नष्ट करना पड़ा। धमाके के बाद सड़क पर बड़ा सा गड्ढा हो गया। जिसे भरा जा रहा है। ASP चंद्रकांत गवर्णा ने कहा कि, नक्सलियों की साजिश को हमने नाकाम किया है। मेटल डिटेक्टर ने IED को डिटेक्ट किया और उसके बाद IED को नष्ट किया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।