मुखबिर की सूचना पर मोहभट्टा गांव में पुलिस की दबिश, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
राजनांदगांव जिले में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजे की खेती करते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर की बाड़ी से गांजे के छह पौधे जड़ सहित जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
राजनांदगांव। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लालबाग थाना पुलिस ने ग्राम मोहभट्टा में कार्रवाई करते हुए घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा उगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के छह हरे पौधे जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में की गई। पुलिस को 22 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहभट्टा (चमारराय टोलागांव) निवासी तुलेश्वर साहू (25) अपने घर के पीछे बाड़ी में गांजे के पौधे उगा रहा है।
सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से जड़ सहित छह हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क)(i) के तहत मामला कायम किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आसपास होने वाली नशे की खरीद-बिक्री अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, आरक्षक कमलेश सहारे, राकेश धुर्वे, बर्मा प्रसाद और तामेश्वर वर्मा सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।