तालपुरी इलाके में शाम को मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की दो टीमों ने घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
दुर्ग के तालपुरी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट नर्सरी में शनिवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पहले सूखी झाड़ियों में लगी और तेजी से फैलते हुए पेड़ों तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दुर्ग-भिलाई। तालपुरी इलाके में शनिवार शाम फॉरेस्ट नर्सरी में अचानक आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में सूखी झाड़ियों से उठी लपटें नर्सरी के भीतर लगे पेड़ों तक पहुंच गईं। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
घटना शाम करीब 7:15 बजे की बताई जा रही है। आग हुडको के सामने स्थित फॉरेस्ट नर्सरी क्षेत्र में लगी। मामला पद्मनापुर थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल टीमें मौके के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने देखा कि नर्सरी के भीतर सूखी झाड़ियों और पेड़ों में तेज आग लगी हुई है। आग लगातार फैल रही थी, जिससे आसपास के हिस्सों तक पहुंचने का खतरा बढ़ गया था। इसके बाद दमकल कर्मियों ने अलग-अलग दिशा से पानी की बौछार शुरू की और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया।
अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
प्रारंभिक जांच में सूखी झाड़ियों में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद आग नर्सरी के अंदर तक फैल गई। मामले की जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। उन्होंने बताया कि मौके पर अग्निशमन सहायक प्रभारी प्रवीण बारा और स्टेशन प्रभारी संतोष पांडेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।