धर्मशाला में बारिश बन सकती है बड़ा फैक्टर, जीतने वाली टीम सीधे करेगी फाइनल में एंट्री
हेड-टु-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर, विराट कोहली और शुभमन गिल पर रहेंगी नजरें
आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। धर्मशाला में होने वाले इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। हालांकि मौसम विभाग ने मैच के दौरान बारिश की 80 प्रतिशत संभावना जताई है।
खेल डेस्क। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का रोमांच मंगलवार से और तेज होने जा रहा है। क्वालिफायर-1 में Royal Challengers Bengaluru और Gujarat Titans आमने-सामने होंगी। मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में जगह बना लेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 में एक और मौका मिलेगा।
हालांकि इस बड़े मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। धर्मशाला में बारिश की संभावना 80 प्रतिशत तक बताई गई है, जिससे मैच प्रभावित हो सकता है। ऐसे में दोनों टीमों की रणनीति मौसम के हिसाब से भी तय होगी।
आईपीएल इतिहास के आंकड़े भी क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम के पक्ष में नजर आते हैं। वर्ष 2011 में प्लेऑफ सिस्टम लागू होने के बाद अब तक 15 में से 12 बार क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने ही खिताब अपने नाम किया है। यही वजह है कि यह मुकाबला फाइनल से पहले सबसे अहम माना जा रहा है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में दोनों बराबरी पर हैं। अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में 4 मैच बेंगलुरु और 4 गुजरात ने जीते हैं। इस सीजन में भी दोनों टीमें एक-दूसरे को एक-एक बार हरा चुकी हैं।
बेंगलुरु की सबसे बड़ी ताकत उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी रही है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने इस सीजन 8 बार 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। Virat Kohli शानदार फॉर्म में हैं और एक शतक व चार अर्धशतकों की मदद से 557 रन बना चुके हैं। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल और कप्तान पाटीदार ने भी लगातार उपयोगी पारियां खेली हैं।
गेंदबाजी में अनुभवी Bhuvneshwar Kumar और जोश हेजलवुड की जोड़ी टीम को मजबूती दे रही है। भुवनेश्वर इस सीजन टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की नजर लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचने पर होगी। टीम ने इस सीजन संतुलित प्रदर्शन किया है और बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी दम दिखाया है। ऐसे में धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला रोमांच और दबाव से भरपूर रहने की उम्मीद है।