प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता बरतने की अपील
राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था करने, बुजुर्गों और श्रमिकों का विशेष ध्यान रखने का आग्रह
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रदेशवासियों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में केवल स्वयं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आसपास के जरूरतमंद लोगों और पशु-पक्षियों की चिंता करना भी समाज का दायित्व है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अत्यधिक तापमान के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखना चाहिए। उन्होंने अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर जाने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से सुरक्षित रख सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह छोटा-सा प्रयास भीषण गर्मी में किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में कार्य करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तत्काल छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता दिलाई जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत, दुकान या आसपास पानी से भरा छोटा पात्र रखने जैसी पहल इस भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सेवा, सहयोग, संवेदना और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी एक-दूसरे का सहारा बनें और मानवता के इस दायित्व को मिलकर निभाएं।