अम्बिकापुर जिले में तीन दिन तक चला जांच अभियान, कई स्थानों पर अवैध भंडारण पकड़ा गया
रेत, ईंट मिट्टी और कोयला के अवैध परिवहन व भंडारण पर विभाग की सख्ती
रायपुर। अम्बिकापुर जिले में अवैध खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने व्यापक कार्रवाई करते हुए पिछले तीन दिनों में 8 वाहनों को जब्त किया है। विभागीय टीम ने सीतापुर और लखनपुर तहसील क्षेत्रों में छापामार जांच अभियान चलाकर अवैध रेत, ईंट मिट्टी और कोयला भंडारण के कई मामलों का खुलासा किया। संबंधित भंडारकर्ताओं को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सीतापुर तहसील के ग्राम प्रतापगढ़, खड़ादोरना, भवराडाड़ और आमाटोली में जांच के दौरान अवैध रेत भंडारण के छह मामले सामने आए। इसके अलावा ग्राम आमादरहा में ईंट मिट्टी और कोयले के अवैध भंडारण का मामला भी पकड़ा गया, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सीतापुर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। वहीं 24 मई को लखनपुर तहसील के ग्राम भौराडांड में दो ट्रैक्टर और दो टीपर रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। इसके अलावा ईंट मिट्टी परिवहन में संलिप्त एक अन्य ट्रैक्टर को भी विभाग ने कब्जे में लिया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त सभी वाहनों को थाना सीतापुर और लखनपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।