NEET UG मेरिट से मिलेगा प्रवेश, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 जून 2026 की गई
संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा अवसर उपलब्ध हुआ है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के अपने 20 मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों के लिए 700 सीटें आरक्षित की हैं। इन सीटों पर प्रवेश NEET UG मेरिट के आधार पर होगा और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 जून 2026 कर दी गई है।
रायपुर। संगठित क्षेत्र के बीमित श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए डॉक्टर बनने का सपना अब और करीब आ गया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के अपने 20 प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस एवं बीडीएस पाठ्यक्रमों के लिए 700 सीटें श्रमिकों के बच्चों हेतु आरक्षित की हैं। इस योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का विशेष अवसर मिलेगा।
श्रमायुक्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आरक्षित सीटों पर प्रवेश राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 21 जून 2026 कर दिया गया है। पात्र अभ्यर्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष पहल का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करना है। इससे आर्थिक और सामाजिक रूप से सामान्य पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा।
देशभर के 20 ESIC मेडिकल कॉलेजों में कुल 700 सीटें आरक्षित की गई हैं। चयन पूरी तरह NEET UG की मेरिट सूची के आधार पर होगा। विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी ESIC के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2526 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम ESIC शाखा कार्यालय अथवा क्षेत्रीय कार्यालय से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
श्रमायुक्त कार्यालय ने प्रदेश के सभी बीमित श्रमिकों से आग्रह किया है कि वे इस योजना की जानकारी अपने बच्चों और परिचित पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ लेकर चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकें।