यूनाइट 8 स्पोर्ट्स चैनलों और जी5 ऐप पर लाइव होंगे मुकाबले | जियोस्टार से बातचीत विफल होने के बाद फीफा ने जी एंटरटेनमेंट को सौंपी जिम्मेदारी
भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 समेत आगामी कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट अब जी एंटरटेनमेंट के प्लेटफॉर्म्स पर देखने को मिलेंगे। कंपनी ने 2026 और 2030 के फीफा पुरुष वर्ल्ड कप सहित 2034 तक के कई बड़े फीफा आयोजनों के मीडिया राइट्स हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही करीब आठ वर्षों बाद जी ने खेल प्रसारण क्षेत्र में दमदार वापसी की है।
नई दिल्ली (ए)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब भारत में जी एंटरटेनमेंट के नए स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलेगा। कंपनी ने घोषणा की है कि अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले फीफा वर्ल्ड कप का प्रसारण ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ चैनलों और जी5 ऐप पर किया जाएगा।
48 टीमों की भागीदारी वाले इस मेगा टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। जी एंटरटेनमेंट ने केवल 2026 ही नहीं, बल्कि 2030 के फीफा पुरुष वर्ल्ड कप, 2027 के महिला वर्ल्ड कप और 2034 तक आयोजित होने वाले अन्य प्रमुख फीफा आयोजनों के प्रसारण अधिकार भी अपने नाम किए हैं।
टाइम जोन बना चुनौती, फिर भी जी ने दिखाई दिलचस्पी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अधिकांश मुकाबले भारतीय समयानुसार देर रात और तड़के प्रसारित होंगे। समय के अंतर के कारण कई भारतीय प्रसारण कंपनियां इन अधिकारों को खरीदने में उत्सुक नहीं थीं। इसके बावजूद जी एंटरटेनमेंट ने इस अवसर को भुनाते हुए वैश्विक फुटबॉल बाजार में बड़ी हिस्सेदारी हासिल कर ली।
युवा और महिला फुटबॉल टूर्नामेंट भी होंगे शामिल
फीफा के साथ हुए समझौते के तहत जी नेटवर्क केवल पुरुष और महिला वर्ल्ड कप ही नहीं, बल्कि अंडर-17, अंडर-20, महिला अंडर-17, महिला अंडर-20, फुटसाल वर्ल्ड कप, महिला फुटसाल वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप जैसे कई प्रतिष्ठित टूर्नामेंट्स का भी प्रसारण करेगा।
फीफा-जियोस्टार समझौता नहीं बनने से खुला रास्ता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फीफा और जियोस्टार के बीच प्रसारण अधिकारों की कीमत को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी। इसी के बाद जी एंटरटेनमेंट ने इस क्षेत्र में प्रवेश करते हुए सौदे को अंतिम रूप दिया। कंपनी ने खेल दर्शकों को ध्यान में रखते हुए चार नए स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च किए हैं, जिनमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के दर्शकों के लिए एचडी विकल्प उपलब्ध होंगे।
ब्रॉडकास्ट राइट्स की कीमत पर रहा बड़ा विवाद
बताया जाता है कि फीफा भारत में प्रसारण अधिकारों के लिए शुरुआती तौर पर करीब 100 मिलियन डॉलर की मांग कर रहा था। बाद में वह 60 मिलियन डॉलर तक आने को तैयार हुआ, लेकिन जियोस्टार ने भारतीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 मिलियन डॉलर ही आंकी। मूल्यांकन में बड़े अंतर के चलते दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका।
फुटबॉल के साथ कई अन्य खेलों का भी होगा प्रसारण
जी नेटवर्क ने स्पष्ट किया है कि उसके नए स्पोर्ट्स चैनलों पर फुटबॉल के अलावा क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, रेसलिंग और कॉम्बैट स्पोर्ट्स भी प्रसारित किए जाएंगे। कंपनी के पास पहले से बंगाल सुपर लीग, यूपी कबड्डी लीग और आईएलटी20 जैसे टूर्नामेंट्स मौजूद हैं, जिससे उसका खेल प्रसारण पोर्टफोलियो और मजबूत हो गया है।
आठ साल बाद खेल प्रसारण में वापसी
जी एंटरटेनमेंट ने लगभग आठ वर्ष पहले अपने स्पोर्ट्स चैनल्स सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया को बेच दिए थे। अब कंपनी ने एक बार फिर खेल प्रसारण क्षेत्र में सक्रिय वापसी करते हुए वैश्विक फुटबॉल के सबसे बड़े मंच फीफा वर्ल्ड कप को अपने नेटवर्क से जोड़ लिया है। यह कदम भारतीय खेल प्रसारण उद्योग में प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।