डेढ़ एकड़ में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर रोकी गई गतिविधियां, विंध्यनगर में चार अवैध निर्माण ब्लॉक ध्वस्त
रायपुर नगर निगम ने शहर में अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीमों ने भाठागांव में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग का रास्ता बंद किया, वहीं विंध्यनगर में चार अवैध निर्माण ब्लॉकों को तोड़कर नियमों का उल्लंघन करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया।
रायपुर। राजधानी में अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माणों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में निगम के जोन-6 और जोन-1 की टीमों ने भाठागांव तथा विंध्यनगर क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की।
भाठागांव में अवैध प्लाटिंग पर चला जेसीबी
जोन-6 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 61 के भाठागांव स्थित पहलवान वाटिका क्षेत्र में करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने की शिकायत मिलने पर नगर निगम सक्रिय हुआ। जांच में प्लाटिंग के लिए अवैध रूप से मुरूम रोड बनाए जाने की जानकारी सामने आई।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से बनाए गए मुरूम मार्ग को काटकर बंद कर दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध प्लाटिंग की प्रक्रिया को आगे बढ़ने से रोकना है। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव, उप अभियंता सागर ठाकुर सहित निगम का अमला मौजूद रहा।
विंध्यनगर में चार अवैध निर्माण ब्लॉक ध्वस्त
दूसरी ओर जोन-1 की टीम ने यतियतनलाल वार्ड क्रमांक-4 के विंध्यनगर क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया। यहां चार ब्लॉकों में किए गए निर्माण कार्य बिना आवश्यक अनुमति के पाए गए।
जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा ने बताया कि संबंधित निर्माण उषा मिश्रा, देवचंद मिश्रा और रानी मिश्रा द्वारा कराए जा रहे थे। नियमानुसार नोटिस और अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद नगर निवेश विभाग की टीम ने अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख तथा नगर निवेश विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अभियान रहेगा जारी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग, भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन और बिना अनुमति निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की है।