रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच उद्घाटन मुकाबला, ओपनिंग सेरेमनी में अभिनेत्री मौनी रॉय का आकर्षक प्रदर्शन; दर्शकों के लिए लाखों के इनाम
छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा संस्करण आज से शुरू हो रहा है। अगले 12 दिनों तक क्रिकेट, मनोरंजन और स्थानीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उद्घाटन मुकाबले में रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स आमने-सामने होंगे, जबकि रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन आज से पूरे उत्साह और भव्यता के साथ शुरू होने जा रहा है। राज्य के सबसे बड़े टी-20 क्रिकेट आयोजन में छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा, जबकि शाम को होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड का तड़का भी देखने को मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें लीग मैच, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 11 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा।
इस बार टूर्नामेंट को और अधिक दर्शक-केंद्रित बनाने की कोशिश की गई है। स्टेडियम में आने वाले दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ के माध्यम से नकद पुरस्कार और आकर्षक उपहार रखे गए हैं। उद्घाटन मुकाबले और फाइनल के दौरान दो-दो पहिया वाहन जीतने का अवसर भी दर्शकों को मिलेगा। कुल मिलाकर 11 लाख रुपए तक के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
CCPL-3 की एक और खासियत छत्तीसगढ़ी कमेंट्री होगी। पहली बार दर्शक मैचों का रोमांच अपनी मातृभाषा में सुन सकेंगे। आयोजन की थीम ‘खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां’ रखी गई है, जिसके जरिए स्थानीय संस्कृति और खेल भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, हालांकि स्टेडियम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद दर्शक स्टेडियम पहुंचकर फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। टिकट पर मौजूद कूपन नंबर के आधार पर हर मैच के दौरान लकी ड्रॉ निकाले जाएंगे।
12 दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ में कुल 114 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले अंतिम चरण में खेले जाएंगे, जहां खिताब के लिए रोमांच अपने चरम पर होगा।
खिलाड़ियों के चयन पर नजर डालें तो रायपुर और बिलासपुर का दबदबा स्पष्ट दिखाई देता है। कुल 114 खिलाड़ियों में से 58 खिलाड़ी इन दोनों जिलों से हैं। रायपुर के 36 और बिलासपुर के 22 खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में जगह मिली है। वहीं भिलाई, राजनांदगांव, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर और कोरबा के खिलाड़ियों को भी अवसर मिला है।
रायपुर राइनोज की टीम में सर्वाधिक स्थानीय खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टीम की कमान बिलासपुर के अनुभवी खिलाड़ी अमनदीप खरे के हाथों में होगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि तीसरे सीजन का पहला विजयी कदम कौन सी टीम बढ़ाती है।