दंतेवाड़ा, बीजापुर और मनेंद्रगढ़ में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाएं; अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के बीच आकाशीय बिजली जानलेवा साबित हो रही है। पिछले 24 घंटों में दंतेवाड़ा, बीजापुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
रायपुर। प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने के साथ मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
बीजापुर में घर के बाहर काम कर रही महिला की मौत
बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड स्थित पेरमपल्ली गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। घर के बाहर कार्य कर रही 50 वर्षीय कलमू मल्ली पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं तेज आंधी और तूफान के चलते उसूर क्षेत्र के थानापारा में पांच मकानों की छतों की शीटें उड़ गईं। प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से तिरपाल के नीचे रहने की नौबत आ गई है।
दंतेवाड़ा के मेले में मचा हड़कंप
दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार क्षेत्र में आयोजित जात्रा मेले के दौरान मंगलवार शाम बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
डैम निर्माण स्थल पर गिरी बिजली
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत चरखर गांव में डैम निर्माण कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की जान चली गई। घटना में पांच अन्य महिला मजदूर घायल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार निर्माण स्थल पर लगभग 58 मजदूर कार्यरत थे। अचानक मौसम खराब होने के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे कार्यस्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में सतर्कता और सुरक्षा उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।