तीन अलग-अलग वारदातों में चोरी हुआ 37 हजार रुपये का सामान बरामद, ग्राम पुरई के रहने वाले हैं सभी आरोपी
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र में हुई मोटर पंप और केबल वायर चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन मोटर पंप और केबल वायर बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 37 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पुरई में 26 और 27 जून के बीच चोरी की तीन वारदातें सामने आई थीं। अज्ञात चोरों ने अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर पार कर दिए थे। शिकायत मिलने के बाद उतई थाना पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर महज 10 घंटे के भीतर चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया गया।
पुलिस ने चोरी के मामले में चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम पुरई के शिवपारा वार्ड क्रमांक-17 के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप और केबल वायर बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक चोरी की तीनों घटनाएं ग्राम पुरई में अलग-अलग स्थानों पर हुई थीं। पहली वारदात शिवपारा वार्ड क्रमांक-18 स्थित एक मकान के पीछे, दूसरी मदन ईंट भट्ठा के पीछे खेत में और तीसरी उतई मेन रोड स्थित पोल्ट्री फार्म में हुई थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में जांच जारी है।