इंस्टाग्राम पर नशे के खिलाफ वीडियो बनाता था जुगनू, पुलिस का दावा- बिक्री की तैयारी में था; मां ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
दुर्ग। नशे के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाने वाला भिलाई का युवक खुद गांजा रखने के आरोप में पुलिस के शिकंजे में आ गया है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू (24) को 4 किलो 198 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई है। आरोपी के पास से नकदी और एक्टिवा वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 29 जून को सूचना मिली थी कि हरिशंकर यादव गांजा बेचने की फिराक में बिहारी मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा, 300 रुपये नकद और एक्टिवा वाहन मिला।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे के अवैध कारोबार में शामिल था और पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27ए के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हरिशंकर यादव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘जुगनू ब्लॉगर’ नाम से सक्रिय था। वह अपने वीडियो में नशे के खिलाफ आवाज उठाता था और स्कूल, गार्डन व सार्वजनिक स्थानों पर मिले इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, नशीली दवाओं की खाली शीशियां और अन्य सामान दिखाकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग करता था।
करीब एक महीने पहले उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था, जिसमें उसने खुर्सीपार क्षेत्र के कुछ स्थानों पर नशे से जुड़े सामान मिलने का दावा करते हुए पुलिस और प्रशासन से सख्ती की अपील की थी।
इधर आरोपी की मां गोमती यादव ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया है। उनका कहना है कि बेटे के पास गांजा नहीं मिला है और उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे को तीन दिन तक थाने में रखा गया और कोर्ट में पेश नहीं किया गया।
मां का कहना है कि यदि गांजा बरामद हुआ है तो पुलिस उसे सामने लाए। उनका कहना है कि बेटा सिर्फ इलाके में नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ वीडियो बनाता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच आगे जारी है।