बागेश्वर धाम से लौटते समय ललितपुर के पास हुआ हादसा; कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट, हालत स्थिर
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। गुरु पूर्णिमा पर बागेश्वर धाम दर्शन कर लौटते समय झांसी-ललितपुर मार्ग पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल झांसी मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किरण देव उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में किरण देव को कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
बताया गया है कि दुर्घटना के समय किरण देव के साथ उनके सुरक्षा अधिकारी (PSO) भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार किरण देव की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे को लेकर विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।