वर्षों से लंबित कर वसूली के लिए जोन-8 की कार्रवाई; नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने वालों पर सख्ती, सीलबंदी शुरू होते ही कई बकायेदारों ने जमा किए 5.24 लाख रुपये
रायपुर। नगर निगम ने लंबे समय से संपत्ति कर और अन्य राजस्व मदों की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े करदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जोन-8 क्षेत्र के वार्ड 1, 2 और 21 में आठ व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान तीन बकायेदारों ने मौके पर ही कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपये जमा कर दिए, जबकि शेष परिसरों पर सीलबंदी की कार्रवाई जारी रही।
निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित करदाताओं को पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद राजस्व टीम ने सीलबंदी की कार्रवाई अमल में लाई।
कार्रवाई शुरू होते ही जमा हुई लाखों की राशि
वार्ड-2 के रामानंद अग्रवाल पर 5 लाख 2 हजार 813 रुपये का बकाया था। निगम की टीम परिसर सील करने पहुंची तो उन्होंने 2 लाख 63 हजार 64 रुपये का आंशिक भुगतान कर दिया। वहीं वार्ड-21 के अनुराग विज पर 1 लाख 70 हजार 707 रुपये और तेजेंद्र सिंह पर 90 हजार 984 रुपये बकाया था। दोनों ने कार्रवाई के दौरान अपना पूरा बकाया जमा कर दिया।
वार्ड-1 में तीन परिसरों पर सीलबंदी
वीर सावरकर नगर वार्ड-1 में ओमप्रकाश तिवारी (75,237 रुपये), सुरेंद्र सिंह (82,554 रुपये) और राहुल धारीवाल (2 लाख 11 हजार 633 रुपये) के व्यावसायिक परिसरों को बकाया राशि जमा नहीं करने पर सील कर दिया गया।
वार्ड-2 में भी बड़ी कार्रवाई
पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड-2 में संतोषी देवी/रामनिवास पर 9 लाख 93 हजार 482 रुपये का बकाया दर्ज था। कई नोटिस जारी होने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर उनके व्यावसायिक परिसर को सील कर दिया गया। इसी वार्ड में रामानंद अग्रवाल के परिसर पर भी सीलबंदी की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद उन्होंने आंशिक भुगतान किया।
वार्ड-21 में आठ दुकानों पर लगा ताला
शहीद भगत सिंह वार्ड-21 में रजिंदर सिंह सब्बरवाल पर 1 लाख 68 हजार 613 रुपये का बकाया था। भुगतान नहीं होने पर निगम की टीम ने उनके व्यावसायिक परिसर की आठ दुकानों को सील कर दिया।
आयुक्त के निर्देश पर चला विशेष अभियान
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बकायेदारों को कई स्तर पर नोटिस दिए जाने के बावजूद कर जमा नहीं किया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अभियान निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त (राजस्व) लोकेश्वर साहू, उपायुक्त (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा और जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल सहित राजस्व विभाग की टीम शामिल रही।