सिरिक, खुजस्तान, केश्म द्वीप और बंदर अब्बास पर मिसाइल-ड्रोन हमलों का दावा; जवाब में ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही
वॉशिंगटन/तेहरान (ए)। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी हमले में सिरिक में एक शादी समारोह को निशाना बनाया गया, जिसमें 5 लोगों की मौत और 68 लोग घायल हुए हैं। दूसरी ओर, अमेरिका का कहना है कि उसके हमलों का लक्ष्य ईरान के सैन्य ठिकाने थे। हमलों के बाद ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई का दावा किया है।
ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का सिलसिला जारी है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात सिरिक, खुजस्तान, केश्म द्वीप और बंदर अब्बास को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। ईरान का कहना है कि इन हमलों में आम नागरिक भी प्रभावित हुए हैं।
ईरान के मुताबिक, सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 68 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। हमले के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घायलों को अस्पताल में उपचार कराते हुए देखा गया।
खुजस्तान प्रांत में हुए हमले को लेकर भी ईरान ने हताहतों की जानकारी दी है। उसके अनुसार यहां सात लोगों की मौत हुई और आठ लोग घायल हुए। हालांकि, अमेरिका का कहना है कि उसकी सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना था।
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान ने दावा किया कि उसकी सेना ने जॉर्डन और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में कई लोगों के मारे जाने की बात भी सामने आई है।
बढ़ते हमलों के बीच क्षेत्र में तनाव और गहराने की आशंका है। अमेरिका और ईरान की ओर से की जा रही सैन्य कार्रवाइयों के बीच पश्चिम एशिया में हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं।