बचेली कैंप में AK-47 से निकले दो राउंड, सीने में लगी गोली; अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से CISF के प्रधान आरक्षक दत्तात्राया (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

AK-47 की सफाई करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार घटना बचेली थाना क्षेत्र के CISF कैंप के 10-11 ए कैंप स्थित पोटाकेबिन क्रमांक-3 की है। प्रधान आरक्षक दत्तात्राया अपनी AK-47 राइफल, बट नंबर 405, की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान राइफल से अचानक दो राउंड फायर हो गए। इनमें से गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथी जवानों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल बचेली पहुंचाया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव मर्च्यूरी में रखा, पोस्टमॉर्टम के लिए दंतेवाड़ा भेजा
घटना के बाद प्रधान आरक्षक के शव को NMDC बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया है। दत्तात्राया महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी बचेली पहुंच गए।

FSL और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा फायरिंग का कारण
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम कैंप पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राइफल से किन परिस्थितियों में दो राउंड फायर हुए, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। FSL की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।
9 दिन पहले खैरागढ़ में भी जवान की मौत
गौरतलब है कि करीब 9 दिन पहले खैरागढ़ जिले में भी सर्विस राइफल से हुई फायरिंग में CAF के एक जवान की मौत हो गई थी। गातापार थाना क्षेत्र में हुए इस मामले में आरोप था कि जवान अरविंद गौतम ने थप्पड़ मारने से नाराज होकर सो रहे साथी जवान सोनवीर जाट पर गोली चला दी थी। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर उसकी सर्विस राइफल जब्त कर ली थी।