जांच के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा, युवतियों ने लगाए देह व्यापार के लिए दबाव बनाने के आरोप
रायपुर के देवेंद्र नगर क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर संचालक और मैनेजर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में वहां मौजूद युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर देह व्यापार कराने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। मामले की जांच जारी है।
रायपुर। देवेंद्र नगर के श्याम स्क्वायर स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में 10 सितंबर को पुलिस ने कार्रवाई की। एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सेंटर की जांच की। इस दौरान पुलिस ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक सेंटर में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कुछ युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें स्पा सेंटर में काम के लिए दूसरे राज्यों से बुलाया गया था और संचालक द्वारा देह व्यापार के लिए दबाव बनाया जाता था। पुलिस ने युवतियों के बयानों को जांच में शामिल किया है।
दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाने की जांच
पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि सेंटर में काम करने वाली युवतियों को किन माध्यमों से रायपुर लाया गया था। उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया, सेंटर से जुड़े दस्तावेज और वहां संचालित गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्पा सेंटर में कथित गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
संचालक और मैनेजर के खिलाफ अपराध दर्ज
कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में मामला दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस युवतियों के बयान, मौके से मिली सामग्री और सेंटर से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।