टॉप-100 अमीरों में 56 की संपत्ति बढ़ी, 31 को नुकसान; सावित्री जिंदल सबसे बड़ी फायदे में
मुंबई (ए)। देश के शीर्ष उद्योगपतियों की संपत्ति को लेकर जारी ताजा सूची में इस बार बढ़त और गिरावट दोनों का मिला-जुला असर दिखाई दिया है। फॉर्च्यून इंडिया की टॉप-100 अरबपतियों की रैंकिंग में मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की संपत्ति भले ही कम हुई हो, लेकिन दोनों ने शीर्ष दो स्थानों पर अपनी पकड़ बरकरार रखी है। दोनों की संपत्ति में कुल मिलाकर 1.41 लाख करोड़ रुपए की कमी दर्ज हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक टॉप-100 में शामिल 30 कारोबारियों की कुल संपत्ति 4.26 लाख करोड़ रुपए घट गई। इनमें मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 82 हजार करोड़ रुपए और गौतम अडाणी की संपत्ति में लगभग 59 हजार करोड़ रुपए की कमी आई।
दूसरी ओर 56 उद्योगपतियों की संपत्ति में कुल 7.70 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। वहीं 31 कारोबारियों को संपत्ति के मामले में नुकसान उठाना पड़ा। इस बार 13 नए नामों ने भी देश के शीर्ष 100 अमीरों की सूची में प्रवेश किया है।
सावित्री जिंदल सबसे ज्यादा संपत्ति बढ़ाने वालों में आगे
संपत्ति में बढ़ोतरी के लिहाज से सावित्री जिंदल ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। उनकी संपत्ति करीब 1 लाख करोड़ रुपए बढ़ी। वहीं प्रतिशत वृद्धि के मामले में श्याम भारती और हरि भारती सबसे आगे रहे। दोनों की संपत्ति में 78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
माइनिंग कारोबार से दो नए नाम शामिल
रुंगटा माइंस से जुड़े नंदलाल रुंगटा और मुकुंद रुंगटा ने पहली बार टॉप-100 में जगह बनाई है। दोनों को सूची में 61वां स्थान मिला है। नए चेहरों के शामिल होने से इस साल की अरबपतियों की रैंकिंग में कारोबारी समूहों का संतुलन भी बदला है।