10 मीटर एयर राइफल में हिमांशु को सिल्वर, रुद्रांक्ष को ब्रॉन्ज; टीम स्पर्धा में भी भारत ने जीता रजत, गोल्ड का इंतजार जारी
नगोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का पदक अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। सोमवार को शूटिंग में भारत ने एक ही दिन में तीन पदक अपने नाम किए। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले इसी स्पर्धा के टीम इवेंट में रुद्रांक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों की तिकड़ी ने सिल्वर हासिल किया था। इसके साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 6 हो गई है।
हिमांशु ने 252.4 अंक के साथ जीता सिल्वर
10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। रुद्रांक्ष पाटिल 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत
इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। भारतीय टीम ने 1890.1 अंक जुटाए, जबकि चीन 1899.0 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा।
शूटिंग से मिले भारत को 5 पदक
एशियन गेम्स में भारत के 6 पदकों में 5 शूटिंग से आए हैं। शूटिंग में अब तक भारत के खाते में 4 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज है। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने ब्रॉन्ज जीतकर भारत को एक और पदक दिलाया है।
मेडल तालिका में भारत 10वें स्थान पर
उपलब्ध ताजा पदक तालिका के अनुसार भारत 6 पदकों के साथ 10वें स्थान पर है। उसके खाते में 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज हैं, जबकि गोल्ड अभी नहीं आया है। चीन, जापान और दक्षिण कोरिया शीर्ष स्थानों पर हैं।
रुद्रांक्ष पहले भी बन चुके हैं विश्व चैंपियन
ठाणे के रुद्रांक्ष पाटिल 10 मीटर एयर राइफल के विशेषज्ञ निशानेबाज हैं। 2022 में उन्होंने काहिरा में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था। वह अभिनव बिंद्रा के बाद व्यक्तिगत विश्व चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय निशानेबाज बने थे। उसी वर्ष वे 10 मीटर एयर राइफल की विश्व रैंकिंग में नंबर-1 पर भी रहे।
पार्थ माने जूनियर विश्व चैंपियन
पार्थ राकेश माने 10 मीटर एयर राइफल के युवा निशानेबाज हैं। उन्होंने 2024 में पेरू के लीमा में हुई आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। टीम स्पर्धा में उनके साथ रुद्रांक्ष और हिमांशु ने भारत को रजत दिलाया।