दुर्ग में 55 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, धमतरी में बहती कार से कांच तोड़कर निकले दो लोग; कई शहरों के निचले इलाके जलमग्न
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे तक हुई लगातार बारिश के बाद शनिवार को बारिश का दौर थमा, लेकिन कई जिलों में जलभराव और नदी-नालों के उफान से हालात गंभीर बने हुए हैं। रायपुर के महादेवघाट पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बह रहा है। दुर्ग में 55 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि धमतरी में तेज बहाव में कार बहने के बाद उसमें सवार दो लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।
लगातार बारिश के बाद रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। महादेवघाट पुल पर पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन और राहत दल संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।
रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 के ईडब्ल्यूएस बी ब्लॉक में पानी भरने से पूरा क्षेत्र प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद की गई है। बिजली पैनल में करंट आने की शिकायत भी सामने आई है। भाटागांव में पानी भरने से एक कार और ट्रक फंस गए। प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी के कई घरों में भी पानी घुस गया।
धमतरी में बहाव में बही कार
धमतरी में पानी से भरे पुल को पार करते समय एक कार तेज बहाव की चपेट में आ गई। पानी के बहाव में कार बहने लगी तो उसमें सवार दो लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गंगरेल बांध के 14 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण आसपास के इलाकों में भी प्रशासन सतर्क है।
दुर्ग में 55 लोगों का रेस्क्यू
दुर्ग जिले में जलभराव वाले क्षेत्रों से 55 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं जगदलपुर, गरियाबंद, कांकेर, बालोद और बिलासपुर के निचले इलाकों में भी पानी भरने की सूचना है। बस्तर में कई सड़कें पानी में डूब गई हैं।
ट्रेन और फ्लाइट पर भी असर
भारी बारिश और जलभराव का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। बारिश से जुड़ी परिस्थितियों के चलते 6 ट्रेनों और एक फ्लाइट को रद्द किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले परिवहन सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
फिर बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में फिर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ डिप्रेशन दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ तक पहुंचा था। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी और बारिश का दौर तेज हुआ।