ईरान को 37-34 से हराकर लगातार पांचवीं बार पदक; अनाहत सिंह और अभय सिंह सिंगल्स फाइनल में पहुंचे, मैराथन में 44 साल बाद पदक
नागोया (ए)। एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत के खाते में कई बड़ी उपलब्धियां जुड़ीं। महिला कबड्डी टीम ने ईरान को रोमांचक मुकाबले में 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने इस स्पर्धा में लगातार पांचवीं बार पदक जीतने का सिलसिला कायम रखा। वहीं स्क्वॉश में पहली बार दो भारतीय खिलाड़ी एक साथ सिंगल्स के फाइनल में पहुंचे हैं।
भारत ने एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का खिताब जीतकर अपना तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ईरान को 37-34 से मात दी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला अंत तक कड़ा रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने निर्णायक क्षणों में बढ़त बनाए रखी। महिला कबड्डी में यह भारत का लगातार पांचवां एशियाड पदक है।
अब पुरुष कबड्डी टीम की नजर भी स्वर्ण पदक पर है। पुरुष वर्ग का फाइनल ईरान के खिलाफ दोपहर 2:30 बजे खेला जाना है।
स्क्वॉश में पहली बार दो भारतीय फाइनल में
स्क्वॉश में भी भारत ने नया इतिहास रचा है। पहली बार देश के दो खिलाड़ी एक ही एशियाड में सिंगल्स वर्ग के फाइनल तक पहुंचे हैं। 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाकर इस वर्ग के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनने की उपलब्धि हासिल की। पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने फाइनल में प्रवेश किया।
मैराथन में 44 साल बाद पदक
पुरुष मैराथन में सावन बरवाल ने भारत को रजत पदक दिलाया। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय दर्ज किया। इस स्पर्धा में भारत को 44 साल के लंबे अंतराल के बाद पदक मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों में भारत ने पुरुष मैराथन में कांस्य पदक जीता था।
शूटिंग में 11वां पदक
शूटिंग में भी भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता। इस पदक के साथ शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 11 हो गई है। इनमें 1 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं।