परसदा में रातभर चला बचाव अभियान, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकाला; शिवनाथ का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट
दुर्ग-भिलाई। लगातार बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने से दुर्ग जिले के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कुम्हारी क्षेत्र के परसदा गांव में पानी बस्तियों तक पहुंचने के बाद नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर अभियान चलाकर 160 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
परसदा गांव में बाढ़ की स्थिति की सूचना 25 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे प्रशासन को मिली। इसके बाद एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मोटर बोट और बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। रात करीब 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले पहले चरण के अभियान में 50 से 55 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत स्थल तक पहुंचाया गया।
इसके बाद सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक दूसरे चरण में करीब 60 और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। लगातार चले बचाव अभियान में कुल 160 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया। बचाव दल ने खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी।
बैराजों से छोड़ा गया 20,090 क्यूसेक पानी
दुर्ग सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता आशुतोष शारश्वत के अनुसार 26 सितंबर की सुबह 7 बजे तक राजनांदगांव जिले के चार बैराजों से 20,090 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा गया। पहले करीब 24 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे अब घटाया गया है। इसके बावजूद नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।
महमरा एनीकट में 12 फीट ऊपर पानी
महमरा एनीकट में पानी करीब 12 फीट ऊपर बह रहा है। बालोद जिले के तांदुला और खरखरा डैम भी ओवरफ्लो की स्थिति में हैं। तांदुला नदी के वेस्ट वियर से करीब 1,500 क्यूसेक और खरखरा से 300 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में पहुंच रहा है। इससे नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
शिवनाथ में गणेश विसर्जन रोका
जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव को देखते हुए शिवनाथ नदी के पुराने पुल के आसपास प्रस्तावित गणेश विसर्जन फिलहाल रोक दिया गया है। नायब तहसीलदार वासुमित्र दीवान ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर निगरानी कर रही है। पानी कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही विसर्जन की अनुमति दी जाएगी।
कलेक्टर अभिजीत सिंह और अपर कलेक्टर हरबंस मीरी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति का निरीक्षण किया।
बाइक समेत बहा युवक, पुलिस ने बचाया
उतई क्षेत्र में तेज बहाव के बीच ग्राम पाऊवारा निवासी लोकेश्वर साहू बाइक समेत पानी में बह गया। सूचना मिलने पर उतई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।