सड़क चौड़ीकरण के विरोध में महिलाओं ने किया चक्काजाम, थाना प्रभारी घायल; हाईकोर्ट में भी सुनवाई
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई का सोमवार को विरोध तेज हो गया। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। महिलाओं के चक्काजाम के दौरान उन्हें हटाने की कोशिश में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।
उज्जैन (ए)। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसके लिए सड़क की जद में आ रही इमारतों और अन्य निर्माण को हटाया जा रहा है।
इसी कार्रवाई के तहत शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाए जाने का सोमवार को विरोध शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान महिलाओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस ने महिलाओं को सड़क से हटाने की कोशिश की। इसी दौरान क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर मामला न्यायालय तक भी पहुंचा है। सोमवार को ही हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में इस मामले पर सुनवाई प्रस्तावित है। प्रशासन की ओर से सिंहस्थ की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को जरूरी बताया जा रहा है, जबकि प्रभावित पक्ष कार्रवाई का विरोध कर रहा है।