महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद तीन गाड़ियों में पहुंची टीम, कई राज्यों में सप्लाई की आशंका; गोदाम में रखे स्टॉक के मालिकाना हक की जांच जारी
रायपुर में गुटखा कारोबार से जुड़े एक गोदाम पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने दबिश दी। शदाणी दरबार मार्केट स्थित गोदाम से अधिकारियों को सितार गुटखा के 50 से अधिक बोरे मिले हैं। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर पहुंची टीम ने स्टॉक और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक सहित कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई।
रायपुर। गुटखा कारोबार की जांच के सिलसिले में DGGI की टीम ने राजधानी रायपुर में बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर अधिकारियों ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सितार गुटखा बरामद किया। शुरुआती जांच में गोदाम के भीतर 50 से अधिक बोरे मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, जब्त स्टॉक का वास्तविक मालिक कौन है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI के अधिकारी तीन वाहनों में रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद टीम ने संबंधित गोदाम में जांच शुरू की। अधिकारियों ने वहां मौजूद गुटखा के स्टॉक और कारोबारी दस्तावेजों की पड़ताल की। गोदाम मालिक और मौके पर मौजूद अन्य लोगों को बुलाकर पूछताछ भी की गई। कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है।
महाराष्ट्र से संचालित होने की जानकारी
DGGI सूत्रों के मुताबिक, गोदाम में मिले गुटखे के तार कारोबारी बंटी से जुड़े होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि उसका दुर्ग में भी एक कारोबारी साझेदार है, जिसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, बंटी महाराष्ट्र से कारोबार संचालित कर रहा है। कल्याण के पास उसकी फैक्ट्री होने की जानकारी सामने आई है, जहां से गुटखा तैयार कर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस नेटवर्क की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
नौ दिन पहले दुर्ग में हुई थी कार्रवाई
इससे पहले करीब नौ दिन पूर्व दुर्ग जिले में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारा था। वहां सितार कंपनी का गुटखा बनाए जाने की जानकारी मिली थी। कार्रवाई के दौरान गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरे तैयार गुटखा जब्त किए गए थे।
दुर्ग में हुई कार्रवाई के बाद अब रायपुर में गोदाम पर छापेमारी की गई है। दोनों मामलों के बीच कारोबारी संबंधों और गुटखा की सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।