बड़ी कंपनियों को ऑर्डर कन्फर्मेशन और डिलीवरी अपडेट भेजने पर देना होगा शुल्क, आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों की सेवा रहेगी मुफ्त
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों तक पहुंचने वाली बड़ी कंपनियों के लिए 1 अक्टूबर से मैसेजिंग महंगी होने जा रही है। व्हाट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म के नए नियमों के तहत अब ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी ट्रैकिंग और अन्य सर्विस अपडेट भेजने पर कंपनियों को शुल्क चुकाना होगा। हालांकि, इसका असर सामान्य व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं और छोटे दुकानदारों पर नहीं पड़ेगा। उनके लिए पहले की तरह सेवाएं मुफ्त रहेंगी
नई दिल्ली (ए)। व्हाट्सएप ने अपने बिजनेस प्लेटफॉर्म की मैसेजिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। 1 अक्टूबर 2026 से बड़े कारोबारों और कंपनियों को ग्राहकों को भेजे जाने वाले कुछ संदेशों के लिए भुगतान करना होगा। अब तक ग्राहक की ओर से मैसेज आने के बाद 24 घंटे की निर्धारित अवधि में कंपनियां बिना शुल्क के जवाब दे सकती थीं। नई व्यवस्था में इस सुविधा की सीमा तय कर दी गई है।
नए नियम मुख्य रूप से व्हाट्सएप बिजनेस एपीआई का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों पर लागू होंगे। इनमें बैंक, एयरलाइंस, ई-कॉमर्स कंपनियां और ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं शामिल हैं। सामान्य व्हाट्सएप इस्तेमाल करने वाले लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए उपलब्ध व्हाट्सएप बिजनेस एप पर इसका कोई असर नहीं होगा।
24 घंटे के भीतर भेजे जाने वाले संदेश भी होंगे शुल्क के दायरे में
अब तक ग्राहक के मैसेज के बाद 24 घंटे के भीतर कंपनियां ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी की जानकारी, ट्रैकिंग लिंक और अन्य उपयोगी संदेश मुफ्त भेज सकती थीं। लेकिन 1 अक्टूबर से ऐसे यूटिलिटी मैसेज भेजने पर कंपनियों को निर्धारित शुल्क देना होगा।
ग्राहकों के सवालों के जवाब देने के लिए प्रत्येक बिजनेस नंबर को हर महीने 1,000 मुफ्त सर्विस मैसेज मिलेंगे। यह सीमा समाप्त होने के बाद अतिरिक्त संदेशों पर शुल्क लागू होगा। वहीं, 24 घंटे की अवधि समाप्त होने के बाद भेजे जाने वाले संदेशों पर पहले की तरह भुगतान करना होगा।
आम ग्राहकों की जेब पर नहीं पड़ेगा असर
नई व्यवस्था से आम व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं को राहत मिलेगी। ग्राहक कंपनियों को मैसेज भेजने, जवाब प्राप्त करने या ऑर्डर से संबंधित अपडेट लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देंगे। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिए गए विज्ञापन के व्हाट्सएप बटन से बातचीत शुरू होने पर कंपनियों को अगले 72 घंटे तक संदेश भेजने की मुफ्त सुविधा भी मिलेगी।
कंपनियों को पेमेंट व्यवस्था करनी होगी अपडेट
नई व्यवस्था लागू होने से पहले कंपनियों को 30 सितंबर तक अपने बिजनेस अकाउंट में भुगतान का तरीका जोड़ना होगा। ऐसा नहीं करने पर 1 अक्टूबर से उनके सर्विस मैसेज की डिलीवरी प्रभावित हो सकती है। कंपनियों को अपने ग्राहकों से संपर्क बनाए रखने के लिए नई भुगतान व्यवस्था के अनुसार सिस्टम अपडेट करना होगा।
क्या है व्हाट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म
व्हाट्सएप बिजनेस प्लेटफॉर्म बड़ी कंपनियों के लिए तैयार किया गया एक डिजिटल मैसेजिंग सिस्टम है। यह सामान्य मोबाइल एप की तरह काम नहीं करता, बल्कि कंपनियां इसे अपने कंप्यूटर सिस्टम और सॉफ्टवेयर से जोड़कर इस्तेमाल करती हैं। इसके माध्यम से लाखों ग्राहकों को एक साथ ओटीपी, बैंकिंग अलर्ट, टिकट की जानकारी, ऑर्डर और डिलीवरी अपडेट भेजे जाते हैं। छोटे कारोबारियों के लिए उपलब्ध व्हाट्सएप बिजनेस एप इससे अलग है और वह पहले की तरह मुफ्त रहेगा।