रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र का मामला, पीड़िता ने सास-ससुर पर भी दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और सास-ससुर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर तीनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बजरंग दल के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता तन्नू पटेल (26) के मुताबिक, वर्ष 2023 में उसकी शादी विनीत सुता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह पति और सास-ससुर के साथ तेलीबांधा क्षेत्र के सतनामी पारा में रहने लगी। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति विनीत, सास निवेदिता और ससुर अजय उस पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने लगे थे।
खाने के दौरान फिर उठाया धर्म परिवर्तन का मुद्दा
महिला ने शिकायत में बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे परिवार के सभी सदस्य एक साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान उससे फिर धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा गया। तन्नू ने इससे इनकार किया तो पति, सास और ससुर ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि तीनों ने उसे लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
शादी को लेकर ससुर पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में ससुर अजय सुता पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उससे कहा कि बेटे की शादी ही उसका धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से कराई गई थी। महिला के अनुसार, इस बात पर पति और सास हंस रहे थे। उसने आरोप लगाया कि धर्म बदलने से इनकार करने पर उसे लगातार धमकाया गया।
परिजनों को बताई आपबीती, थाने में शिकायत
घटना के बाद महिला ने अपने भाई ललित पटेल, बड़ी बहन संगीता पटेल और परिचित भूषण साहू व योगेश सैनी को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह बजरंग दल के सदस्यों के साथ तेलीबांधा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, महिला की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को हिरासत में लेने की बात भी कही गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।