नेहरू नगर चौक पर कारों के शीशे साफ करती मिली थी करीब 15 साल की बच्ची; मां की मौजूदगी में काउंसलिंग के दौरान बढ़ा विवाद, सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग के महिला एवं बाल विकास विभाग स्थित चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में काउंसलिंग के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने यूट्यूबर हनुमान उर्फ हनु नायक (30) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बच्ची और उसकी मां की मौजूदगी में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने एक महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। आरोपी पर गाली-गलौज, धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप भी हैं। परियोजना समन्वयक की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर हुई चर्चा
मामला नेहरू नगर चौक पर करीब 15 साल की एक बच्ची के कारों के शीशे साफ करते मिलने से जुड़ा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम बच्ची को संरक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय लेकर पहुंची थी। इसके बाद उसकी मां गोलू बाई को आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय बुलाया गया। वहां बच्ची और उसकी मां की काउंसलिंग की जा रही थी।
इसी दौरान यूट्यूबर हनु नायक उर्फ हनुमान भी कार्यालय पहुंच गया। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी बीच कहासुनी बढ़ गई और आरोपी पर महिला व विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगा। कर्मचारियों ने धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत भी की है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
घटना 7 अक्टूबर की बताई गई है। इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया था। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने भी आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। मामले में कार्रवाई की मांग के बाद परियोजना समन्वयक की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
पुलिस के अनुसार, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर पत्रकारिता का दबाव दिखाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सुपेला और नेवई थानों में भी मारपीट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।