11 से 19 अक्टूबर तक कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक 24 घंटे निगरानी; दुर्ग में रात को मध्यम और भारी वाहनों की नो-एंट्री, भिलाई में भी डायवर्शन लागू
दुर्ग-भिलाई। शारदीय नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। 11 से 19 अक्टूबर तक कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है। इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए दुर्ग के गंजपारा और भिलाई के सेक्टर क्षेत्रों में वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
कुम्हारी से अंजोरा तक पुलिस की चौबीसों घंटे निगरानी
पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित कॉरिडोर पर तीन पेट्रोलिंग वाहन लगातार तैनात रहेंगे। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने और सड़क के बाईं ओर चलने की समझाइश दी जाएगी। मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं। पुलिस ने पदयात्रियों से निर्धारित रास्ते पर ही चलने और हाईवे पर सर्विस लेन का उपयोग करने की अपील की है। बाईपास पर पैदल चलने से बचने की सलाह भी दी गई है।
यह रहेगा पदयात्रियों का निर्धारित मार्ग
डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव मार्ग से डोंगरगढ़ पहुंचना होगा।
सेंट्रल एवेन्यू जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता
भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की तरफ भेजा जाएगा। दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू जाने वाले चारपहिया वाहन भी सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड होकर गुजरेंगे।
गंजपारा में रात को बदलेगी वाहनों की आवाजाही
दुर्ग में गंजपारा दुर्गा पंडाल के आसपास रात के समय पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा। पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव जाने वाली बसों को भी यही मार्ग अपनाना होगा।
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
नवरात्रि के दौरान रात के समय पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्गों पर मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्शन का पालन करने की अपील की है।
सुरक्षित यात्रा के लिए इन बातों का रखें ध्यान
पदयात्रियों को रात में दूर से दिखाई देने वाले चमकीले कपड़े पहनने और बैग पर रेडियम स्टीकर लगाने की सलाह दी गई है। सड़क के बाईं ओर किनारे से चलें तथा मुख्य सड़क पर बैठने या सोने से बचें। देर रात पदयात्रा शुरू करने से परहेज करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।
वाहन चालकों को पर्याप्त नींद लेकर सफर शुरू करने, नशे में वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और रात में लो-बीम लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग न करें और मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं।