बम्हनीडीह तहसील में कार्रवाई के दौरान तीन हाईवा, एक जेसीबी और लोडर पकड़े गए, खनिज नियमों के तहत होगी आगे की कार्रवाई
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बम्हनीडीह तहसील क्षेत्र में कार्रवाई कर तीन हाईवा, एक जेसीबी और एक लोडर समेत पांच वाहन व मशीनें जब्त की गईं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा है
जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत 10 अक्टूबर को बम्हनीडीह तहसील क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए वाहनों और मशीनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार प्रशांत पटेल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने जब्त वाहनों और मशीनों से जुड़े मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में रेत सहित अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में सतत निगरानी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाने पर जोर दिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।