स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी भारतीय टीम, 16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले; आज दोनों टीमों का अभ्यास सत्र
राजधानी रायपुर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के नए रोमांच की मेजबानी करने जा रही है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की सीरीज नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी। भारतीय टीम रविवार शाम रायपुर पहुंच चुकी है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सोमवार को पहुंचेगी। मुकाबलों से पहले दोनों टीमों के अभ्यास की तैयारी है।
रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को खेला जाएगा। दूसरा मैच 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को होगा। तीनों मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे। इस सीरीज के जरिए रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को छह दिनों के भीतर तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
भारतीय टीम की कमान स्मृति मंधाना संभालेंगी। वह पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगी। शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं। 15 सदस्यीय भारतीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
भारतीय टीम रविवार शाम रायपुर पहुंची। इस दौरान कप्तान स्मृति मंधाना ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया। जिम्बाब्वे की टीम के सोमवार को पहुंचने के बाद अभ्यास की तैयारियां पूरी की जाएंगी।
मैचों के लिए प्रशासन ने कसी कमर
अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के सुचारु आयोजन के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थानीय सहयोग समिति गठित की गई है। इसमें पुलिस, खेल, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
दर्शकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट और ई-टिकट स्कैनिंग की व्यवस्था की जाएगी। स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि दर्शकों को प्रवेश के दौरान परेशानी न हो। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। सुरक्षा के लिए स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए पेयजल और खानपान की व्यवस्था भी की जाएगी।
आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम
मैचों के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किया जाएगा। अग्निशमन वाहन, पर्याप्त पानी और आपातकालीन मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क सुचारु रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने 2 जुलाई 2026 को अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर सहित तीन स्टेडियमों में उसकी अनुमति के बिना आगे खेल गतिविधियां आयोजित करने पर रोक लगाई थी। महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगे जाने के बाद सुनवाई हुई और एनजीटी ने इन तीन मुकाबलों के आयोजन के लिए रोक में संशोधन किया। इसके बाद रायपुर में सीरीज के आयोजन का रास्ता साफ हुआ।