
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर की सूरत बदलने की दिशा में एक रचनात्मक पहल की है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, अंडरब्रिज और फ्लाईओवर के नीचे आकर्षक भित्ति चित्रों (वॉल पेंटिंग्स) से दीवारों को सजाया जा रहा है। इन कलाकृतियों को खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के प्रशिक्षित कलाकारों द्वारा तैयार किया जा रहा है।
इन पेंटिंग्स की विशेष बात यह है कि ये लंबे समय तक टिकाऊ होती हैं और यदि धूल-मिट्टी से गंदा हो जाएं तो सिर्फ पानी से धोने पर फिर से नई जैसी चमक उठती हैं। फिलहाल नेशनल हाईवे से सटे नेहरू नगर चौक, सुपेला ब्रिज के नीचे, और फ्लाईओवर के खंभों पर यह कार्य किया गया है। चित्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता के संदेश समाहित हैं। नगर निगम का कहना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य जोन के प्रमुख चौराहों पर भी, जहां उपयुक्त स्थान मिलेगा, वहां पेंटिंग्स करवाई जाएंगी।
बैनर-पोस्टर पर सख्ती: निगम की बिना अनुमति लगाए तो होगी FIR
नगर निगम ने सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि बिना निगम की लिखित अनुमति के कोई भी बैनर या पोस्टर कहीं न लगाएं। नगर निगम अधिनियम 1956 के अंतर्गत यह कार्य अवैध माना जाएगा। यदि ऐसा होता है, तो सीधे एजेंसी व उसके कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी, साथ ही गुमाश्ता लाइसेंस रद्द किया जाएगा। नगर निगम ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि अनियंत्रित बैनर-पोस्टर से शहर की सुंदरता बिगड़ रही है, स्ट्रीट लाइट्स क्षतिग्रस्त हो रही हैं और सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
सेल्फी का क्रेज: सावधानी जरूरी
पेंटिंग्स के साथ राहगीर सेल्फी लेने के लिए रुक रहे हैं, लेकिन नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सेल्फी लेते समय यातायात नियमों का पालन करें, वाहन सड़क पर खड़ा करके फोटो न लें, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर निगम ने आमजन से भी अनुरोध किया है कि पेंटिंग्स के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, उन पर कचरा न फेंकें और न ही उन्हें नुकसान पहुंचाएं।