दुर्ग की महिला से ग्रह शांति और विशेष पूजा के नाम पर वसूले लाखों, रोहतक से गिरफ्तार हुआ फर्जी पंडित कुलदीप महाराज
दुर्ग जिले में श्रद्धा और विश्वास को हथियार बनाकर महिला से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पूजा-पाठ, ग्रह शांति और समस्याओं के समाधान का झांसा देकर एक फर्जी ‘पंडित’ ने महिला से करीब 36 लाख रुपए ऐंठ लिए। मामला सामने आने पर दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दुर्ग। पूजा-पाठ और ग्रह दोष निवारण के नाम पर एक महिला से 36 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता पल्लवी जायसवाल ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी फर्जी पंडित कुलदीप महाराज को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है।
घटना सुपेला थाना क्षेत्र के जुनवानी इलाके की है, जहां रहने वाली पल्लवी जायसवाल नियमित रूप से नेहरू नगर की कालीबाड़ी में पूजा के लिए जाया करती थीं। वहां के स्थानीय पंडित को जब उन्होंने अपनी आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बताईं, तो उसने रोहतक निवासी एक ‘विशेषज्ञ’ कुलदीप महाराज से मिलवाने की सलाह दी।
जनवरी 2023 में कुलदीप महाराज से पहली मुलाकात के दौरान ही उन्होंने पल्लवी को भरोसे में लेकर कहा कि विशेष पूजा और ग्रह शांति के उपायों से उनकी सभी समस्याओं का समाधान संभव है। इसके बदले उन्होंने दक्षिणा के रूप में विभिन्न माध्यमों से बड़ी रकम मांगी।
पल्लवी ने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक कुल 36 लाख 66 हजार रुपये नगद, खाते में ट्रांसफर और अन्य तरीकों से दिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को यह तक कह दिया कि वह अपना फ्लैट भी ‘गुरुजी’ को समर्पित कर दे तो उसका भाग्य पूरी तरह बदल जाएगा।
हालांकि लाखों की राशि खर्च करने के बावजूद जब पल्लवी की समस्याएं जस की तस बनी रहीं, तो उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर जांच में मामला सत्य पाए जाने के बाद पुलिस ने रोहतक से आरोपी को गिरफ़्तार कर दुर्ग लाया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह के अंधविश्वास और झूठे धार्मिक दावों से बचें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रमाणिक और विधिक मार्ग अपनाएं।