भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र की वारदात, दिनभर शराब पीने के बाद देर रात हुआ खूनी संघर्ष, आरोपी राजवीर फरार
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में संपत्ति विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। छावनी थाना क्षेत्र के नंदिनी रोड में मंगलवार देर रात छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। दिनभर दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, लेकिन शाम होते-होते झगड़ा इतना बढ़ा कि जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
भिलाई। संपत्ति विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव मंगलवार को एक खौफनाक घटना में तब्दील हो गया। छावनी थाना क्षेत्र के नंदिनी रोड में रहने वाले राजवीर सिंह (45) ने अपने बड़े भाई महेंद्र सिंह उर्फ बउआ (55) की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई एक ही मकान में अलग-अलग रहते थे और घर व जमीन को लेकर उनके बीच पुराना विवाद था। मंगलवार की सुबह भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, लेकिन इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर शराब पीना शुरू कर दिया। सुबह से शाम तक वे शराब पीते रहे और इसी दौरान कहासुनी और गहराती गई।

रात करीब 8 से 9 बजे के बीच झगड़ा हिंसक हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर हथियारों से हमला किया। महेंद्र के पास चाकू और छोटी कुल्हाड़ी थी, वहीं राजवीर के पास बड़ी कुल्हाड़ी थी। गुस्से में तमतमाए राजवीर ने महेंद्र के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना खतरनाक था कि कुल्हाड़ी उसके सिर के पिछले हिस्से में धंस गई और महेंद्र ने वहीं दम तोड़ दिया।
घटना के बाद राजवीर सिंह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही छावनी टीआई मोनिका पांडेय और सीएसपी हरीश पाटिल घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार, मृतक महेंद्र सिंह ठेकेदारी करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वहीं आरोपी राजवीर सिंह छावनी थाने का निगरानी बदमाश है और पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। इस खौफनाक पारिवारिक हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।