- सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कर रही थीं महिला मजदूर
- जंबो बैग गिरने से एक महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
- फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही उजागर, पुलिस ने जांच शुरू की
- मृतक महिला विधवा, अकेले कर रही थी बच्चों की परवरिश
भिलाई के छावनी क्षेत्र में शनिवार को एक निजी केमिकल फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हुआ। फैक्ट्री में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के काम कर रही महिला मजदूरों पर अचानक एक भारी-भरकम जंबो बैग गिर पड़ा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है और फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र स्थित अग्रवाल मिनरल एंड केमिकल फैक्ट्री में शनिवार दोपहर को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। फैक्ट्री के भीतर काम कर रहीं महिला मजदूरों के ऊपर एक भारी जंबो बैग गिर गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना उस वक्त हुई जब फैक्ट्री में मजदूर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। एक विशालकाय बैग जो ऊंचाई पर टांगा गया था, अचानक नीचे गिर पड़ा और वहां काम कर रही महिलाओं पर जा गिरा। यह जंबो बैग करीब 1000 किलोग्राम से ज्यादा वजनी बताया जा रहा है।

हादसे में 58 वर्षीय जयंती साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जानकी यादव और प्रेमिन सिन्हा गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। तीनों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जयंती साहू को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, जयंती साहू एक विधवा थीं और अकेले मेहनत करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन विनोद कुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन से सभी घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना को लेकर लापरवाही की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं थे और मजदूर बिना किसी सेफ्टी गियर के खतरनाक परिस्थितियों में काम कर रहे थे।
जयंती की मौत ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या फैक्ट्री प्रबंधन मजदूरों की सुरक्षा के प्रति वाकई गंभीर है, या फिर लाभ के आगे जान की कीमत शून्य हो गई है?