अगले 24 घंटे में रायपुर में एंट्री तय; तेज़ हवाएं, वज्रपात और झमाझम बारिश के आसार, तापमान में 5 डिग्री की गिरावट
छत्तीसगढ़ में मानसून अब सिर्फ दस्तक ही नहीं दे रहा, बल्कि अपने पूरे असर के साथ आगे बढ़ रहा है। दुर्ग तक पहुंच चुका मानसून अगले 24 घंटे में राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का जोर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 25 दिनों से बस्तर में ठहरे मानसून ने अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को मानसून दुर्ग जिले तक पहुंच गया है और अगले 24 घंटे में इसके रायपुर, बिलासपुर और कोरबा की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान में बादलों की चादर छाई हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने 8 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं। वहीं रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित 10 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
बारिश की वजह से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत तापमान 4-5 डिग्री नीचे आ गया है। सोमवार को दुर्ग जहां 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं राजनांदगांव 21 डिग्री के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। छत्तीसगढ़ में मानसून आमतौर पर 13 जून के आसपास आता है, लेकिन इस बार 64 साल के इतिहास में पहली बार मई में ही मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया था। इससे पहले 1971 में 1 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इस बार नौतपे के दौरान ही बारिश शुरू हो गई थी, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में समय से पहले राहत मिल गई।