ज्योति पटेल के रवैए से कर्मचारी तनाव में, वरिष्ठों से की जा रही अभद्रता; संघ बोला- नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा आंदोलन
बिलासपुर के कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रशासनिक माहौल इन दिनों तनावपूर्ण बना हुआ है। डिप्टी कलेक्टर ज्योति पटेल पर अधीनस्थ कर्मचारियों ने अपमानजनक व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि वरिष्ठ और अनुभवी स्टाफ को रोजाना अपमान का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोलते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
बिलासपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कार्यरत डिप्टी कलेक्टर ज्योति पटेल पर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को कर्मचारी कलेक्टर संजय अग्रवाल से मिले और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्योति पटेल कार्यालयीन वातावरण को प्रतिकूल बना रही हैं और वरिष्ठ कर्मचारियों से दमनात्मक भाषा में बात करती हैं।
संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील यादव ने बताया कि बुजुर्ग कर्मचारी उनके व्यवहार से मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं और कार्यक्षमता पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में भय का माहौल है और कर्मचारियों का आत्मविश्वास टूट रहा है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि डिप्टी कलेक्टर का तत्काल स्थानांतरण किया जाए ताकि कार्य-संस्कृति और प्रशासनिक गरिमा को बनाए रखा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो वे प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। कर्मचारी संघ ने प्रशासन को यह भी आगाह किया है कि यदि मानसिक तनाव की यह स्थिति बनी रही, तो कई कर्मचारी अवसाद का शिकार हो सकते हैं। इससे न केवल व्यक्तिगत जीवन पर असर पड़ेगा, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी गिरावट आ सकती है।