ग्रीस के एथेंस में 100 मीटर दौड़ में 10.18 सेकेंड का समय लेकर अनिमेष कुजूर ने तोड़ा भारत का रिकॉर्ड, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के होनहार एथलीट अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्प्रिंट प्रतियोगिता में इतिहास रचते हुए भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने 100 मीटर रेस को महज 10.18 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया, जिससे पूरे प्रदेश और देश में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया है। राज्य के तेजतर्रार धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ मात्र 10.18 सेकेंड में पूरी कर नया भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस शानदार सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और इसे प्रदेश की युवा शक्ति का प्रतीक बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ और भारत के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। अनिमेष की यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर युवा को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।
गौरतलब है कि अनिमेष इससे पहले दक्षिण कोरिया में हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। यह लगातार दूसरा मौका है जब उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रचा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अनिमेष की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह देश की युवा ऊर्जा, समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रतिफल भी है। राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को उभारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।