रायपुर जिले के 26 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती फिर शुरू, 11 और 12 अगस्त को होगा दस्तावेज सत्यापन
रायपुर जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में दो वर्षों से लंबित संविदा शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को राज्य सरकार ने फिर से गति दी है। अब 26 स्कूलों में कुल 73 पदों पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 11 और 12 अगस्त को निर्धारित की गई है।
रायपुर। रायपुर जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में दो साल से रुकी संविदा भर्ती प्रक्रिया को आखिरकार फिर से शुरू कर दिया गया है। वर्ष 2023 में 27 सितंबर को इन स्कूलों में 71 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, लेकिन प्रक्रिया अधर में लटक गई थी। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है।
इस बार 73 पदों के लिए भर्ती की जा रही है, जो पहले से दो अधिक हैं। दरअसल, प्रशासन ने पांच नए पदों को जोड़ा है, वहीं तीन पुराने पदों को हटाया गया है। इसके साथ ही अब यह प्रक्रिया 27 की बजाय 26 स्कूलों में संपन्न होगी। जिले में कुल 36 आत्मानंद स्कूल संचालित हैं, जिनमें से 26 स्कूलों के लिए यह संविदा नियुक्ति होनी है।
विशेष रूप से भौतिकी विषय के लिए व्याख्याता के पांच नए पद शामिल किए गए हैं। वहीं सरोना के स्कूल से गणित व्याख्याता और लालपुर व अभनपुर स्कूलों से अंग्रेजी शिक्षक के पद हटा दिए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन 11 और 12 अगस्त को स्वामी आत्मानंद शहीद स्मारक शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, मौदहापारा में होगा। 11 अगस्त को भौतिकी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक पदों के अभ्यर्थियों के दस्तावेज जांचे जाएंगे। 12 अगस्त को सहायक शिक्षक और सहायक प्रयोगशाला शिक्षकों के लिए साक्षात्कार व सत्यापन की प्रक्रिया होगी।
शिक्षा विभाग द्वारा इस बार प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश भी जारी किया गया है। इससे न केवल स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी मिल सकेगी।